संडवाचंद्रिका क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अंतू में बस अड्डा निर्माण में आ रही अड़चन खत्म हो गई। अक्तूबर के प्रथम सप्ताह में ही चिह्नित जमीन पर बस अड्डा का निर्माण परिवहन निगम शुरू कराने जा रहा है।
बसपा सरकार में विश्वनाथगंज विधायक रहे बृजेश सौरभ ने शासन को पत्र भेजकर अंतू में बस स्टैंड निर्माण कराए जाने की मांग की थी। शासन ने राजस्व विभाग को जमीन चिह्नित करने का आदेश दिया था। राजस्व विभाग ने वर्ष 2010 में अंतू थाने के पास जमीन चिह्नित कर शासन को रिपोर्ट भेज दिया। खताैनी में परिवहन निगम के नाम जमीन भी कर दिया। बीच में कुछ लोग इस भूमि पर निर्माण कराए जाने से रोक लगा दिए। ऐसे में परिवहन निगम अंतू में बस स्टैंड का निर्माण कराने में नाकाम रहा। एआरएम आरपी सिंह ने शासन से पत्राचार कर अंतू में बस स्टैंड निर्माण कराए जाने की मांग की। सदर विधायक राजेंद्र मौर्य ने भी बस स्टैंड निर्माण के लिए शासन को पत्र लिखा। राजस्व टीम ने अंतू बस स्टैंड के लिए जमीन का सीमांकन किया। एआरएम ने बताया कि शासन की ओर से बस स्टैंड निर्माण के लिए हरी झंडी मिल गई है। अक्तूबर माह के पहले सप्ताह में भूमि पूजन के बाद बस स्टैंड का निर्माण शुरू हो जाएगा।
अंतू से संचालित होती हैं चार निगम की बसें
अंतू से परिवहन निगम की चार बसें संचालित होती है। बस स्टैंड न होने के कारण प्रतापगढ़-अमेठी मार्ग पर स्थित बाबूगंज में बसों का ठहराव होता है। ऐसे में हर समय खतरा बना रहता है। बस स्टैंड तैयार होने के बाद निगम की बसें डिपो के अंदर खड़ी होंगी। प्रतापगढ़, अमेठी और लखनऊ के लिए सीधी बस सेवा का लाभ स्थानीय लोगों को मिल सकेगा। बसों का ठहराव होने से जहां लोगों की यात्राएं सुलभ होंगीं। वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।