भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन का स्वागत करते कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला।
लोकसभा चुनाव की पृष्ठभूमि को दुरुस्त करने के लिहाज से केंद्र सरकार के नौ साल बेमिसाल कार्यक्रम की मशाल लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन चिलबिला पहुंचे। यहां उन्होंने समाज के प्रबुद्धजनों से संवाद स्थापित कर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
मंच से संबोधन के दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कभी देश में नफरत की दुकान चलाकर मेरठ, भागलपुर, मुबंई जैसे शहरों में दंगा कराने वाले कांग्रेसी आज मोहब्बत का पैगाम देने की बात कर रहे हैं।
केंद्र की मोदी सरकार ने करीब नौ सौ करोड़ रुपए के बजट से संसद का निर्माण कराया, इसकी चर्चा विदेश में हो रही है। बिहार की नितीश सरकार पर सवाल करते हुए कहा कि आप ने चलता हुआ पुल गिरते सुना होगा, यहां बनता हुआ पुल दो बार गिरा है। राहुल गांधी के बयान पर तंज कर कहा कि वह अपनी सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठा रहे हैं। उनकी पार्टी ने अंग्रेज शासन की तरह देश में शासन करने का काम भी किया था।