क्षेत्र में दरिंदों से खुद बचाने में हैवानियत का हुई घायल छात्रा की हालत शुक्रवार को बिगड़ गई। सरेराह छात्रा ने अपने साथ जो बर्ताव सहा, वह उसे सोचकर बार-बार बदहवास हो रही है।
हालात इस कदर गंभीर हो गए कि बच्ची को परिजन पहले रानीगंज सीएचसी, फिर मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ ले गए। हालत बिगड़ने पर उसे प्रयागराज ले जाया गया। वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में दिन भर दबिश देती रही। इसके बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी। मामले में पूछताछ के लिए छह संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं।
वृहस्पतिवार की सुबह करीब छह बजे घने कोहरे में साइकिल चलाकर कोचिंग के निकली छात्रा को रास्ते में कुछ युवकों ने रोका था। घर से करीब छह किमी दूर रानीगंज बाजार स्थित कोचिंग में पहुंचने से संडौरा स्थित ईंट भट्ठे से पहले दरिंदों ने उसे धक्का देकर साइकिल से झाड़ी में गिरा दिया था। आरोप है कि युवकों ने उसका मुंह दबाकर दुष्कर्म का प्रयास किया।
अपनी आबरू बचाने के लिए छात्रा ने युवकों से डटकर मुकाबला किया। पांच युवकों के बीच अकेली छात्रा ने अपनी जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया। उसे भागते देख युवकों ने दौड़ाकर उसे दोबारा पकड़ लिया। छीना झपटी में छात्रा का बैग और घड़ी घटनास्थल पर गिर गई।
दुष्कर्म के प्रयास में असफल होने पर युवकों ने हैवानियत की हद पार करते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी। छात्रा के सिर पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुन कुछ लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों को आते देख आरोपी छात्रा को धमकी देकर भाग निकले थे। घटनास्थल पहुंचे लोगों ने छात्रा से जानकारी करनी चाही, लेकिन डर और सदमे के छात्रा कुछ बोल नहीं सकी।
सूचना पर सीओ विनय प्रभाकर साहनी और थानाध्यक्ष आदित्य सिंह पहुंचे थे। छात्रा को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। शुक्रवार की सुबह उसकी तबीयत बिगड़ गई। सिर पर गंभीर चोट होने के कारण सिटी स्कैन के लिए उसे प्रयागराज ले जाया गया। वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश करने दिन भर जुटी रही। चौराहों पर चेकिंग लगाकर संदिग्धों से पूछताछ शुरू की गई। जिससे सड़क से गुजर रहे लोग बचते नजर आए। पुलिस छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, लेकिन मुख्य आरोपियों तक पुलिस अभी तक नहीं पहुंच सकी है।
फोटो भेजकर पुलिस कर रही पहचान
संदिग्धों को हिरासत मे लेने के बाद पुलिस उनकी फोटो छात्रा के परिजनों के मोबाइल पर भेज रही है। परिजन छात्रा से फोटो पहचान करवा रहे हैं, लेकिन बार-बार बेहोश हो रही छात्रा ठीक तरह से आरोपियों की पहचान नहीं कर पाई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक छह संदिग्धों में एक युवक की थोड़ी बहुत पहचान छात्रा ने की है, लेकिन पुलिस अभी आरोपी को लेकर असमंजस की स्थिति में है। दरअसल, बार-बार बेहोश होने की वजह से छात्रा कुछ बोल नहीं पा रही है। पुलिस छात्रा के स्वस्थ होने के इंतजार में है। छात्रा के स्वस्थ होते ही फोटो के माध्यम से आरोपियों की पहचान करवाई जाएगी।
कोचिंग से लेकर संदिग्ध स्थलों तक की गई जांच पड़ताल
पुलिस कोचिंग से लेकर संदिग्ध स्थलों तक जांच पड़ताल कर चुकी है। छात्रा की सहेलियों से भी पुलिस ने पूछताछ की है, लेकिन आरोपियों के बारे में पूरी तरह से सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास स्थित कुछ संदिग्ध स्थलों की भी जांच पड़ताल की। आस पास के ग्रामीणों से आरोपियों के बारे में पूछताछ की गई है।
................
एएसपी ने बिफरे तो सक्रिय हुआ एंटी रोमियो दस्ता
रानीगंज। छात्रा के साथ दुष्कर्म के प्रयास और मारपीट के मामले की जानकारी होने पर वृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी दुर्गेश सिंह रानीगंज थाने पहुंचे। एएसपी ने हिरासत में लिए गए चार संदिग्धों से पूछताछ की। आरोपियों की धरपकड़ के लिए एएसपी ने रानीगंज थाने को अतिरिक्त फोर्स भी उपलब्ध करा दी।
वहीं अमर उजाला में प्रकाशित घटनास्थल पर एंटी रोमियो दस्ता न पहुंचने की खबर का संज्ञान लेने के बाद शुक्रवार को एएसपी नाराज हुए। उन्होंने एंटी रोमियो दस्ता प्रभारी को सख्ती से कार्य करने का आदेश दिया। एएसपी ने एंटी रोमियो टीम को आदेश दिया कि कोचिंग, कॉलेज, महिला कार्यस्थलों की बराबर निगरानी की जाए।
समय-समय पर महिलाओं और छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्या को जानने का भी प्रयास किया जाए। जिससे महिलाएं और छात्राएं किसी तरह भी स्वयं को असुरक्षित महसूस न करें। एएसपी के आदेश के बाद शुक्रवार को रानीगंज में तैनात एंटी रोमियो दस्ता सकि्रय हुआ। कोचिंग, कॉलेजों के साथ महिला कार्यस्थलों पर पहुंचकर निगरानी की। संवाद
संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनकी पहचान के लिए थाना पुलिस छात्रा और उसके परिजनों से संपर्क में है। शुक्रवार पुलिस ने प्रभावी रूप से मनचलों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाकर चौराहों पर चेकिंग की गई है। शीघ्र ही आरोपी गिरफ्त में होंगे। थाना पुलिस को पेट्रोलिंग बढ़ाने और एंटी रोमियो दस्ते को सक्रिय रहने की हिदायत दी गई है।
- दुर्गेश सिंह, एएसपी-पूर्वी।