प्रतापगढ़ में खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए शुभकामनाएं दीं।
- फोटो : अमर उजाला।
बर्मिंघम में बृहस्पतिवार से शुरू हुए कॉमनवेल्थ गेम्स को लेकर जिले के खिलाड़ियों में भी गजब का उत्साह है। बर्मिंघम पहुंचे भारतीय दल पर सबकी निगाहें टिकी हैं। बृहस्पतिवार को अमर उजाला के आह्वान पर स्टेडियम और जीआईसी मैदान में जुटे खिलाड़ियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं, इस दुआ के साथ भारतीय जाबांज गोल्ड मेडल के साथ आगाज करें। इस दौरान पूरा परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंजता रहा।
स्टेडियम में अभ्यास करने वाले क्रिकेट खिलाड़ी रितिक श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों में अद्भुत क्षमता है। उन्होंने खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल जीतने की शुभकामनाएं दीं। विष्णु सरोज ने भारतीय खिलाड़ियों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रार्थना की। अनवर हॉकी सोसाइटी के हॉकी खिलाड़ी मो. आरिश ने कहा कि भारतीय दल के सभी 215 खिलाड़ी बर्मिंघम में देश का परचम लहराएंगे।
हॉकी खिलाड़ी सूर्य प्रताप सिंह ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए। हॉकी खिलाड़ी वानिया सैफ व कासिम अबदुल्ला ने तिरंगा फहराते हुए कहा कि बर्मिंघम मेें भी देश का झंडा लहराएगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी पूनमलता राज, कोच आदित्य शुक्ला, विनोद यादव, खुर्शीद, मो. जसीन ने भी शुभकामनाएं दीं।