कमिश्नर आर रमेश कुमार और आईजी कवींद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को जिले का निरीक्षण करके कोरोना से लड़ने के लिए हुए प्रबंधों का जायजा लिया। लालगंज ट्रामा सेंटर, गेहूं खरीद केंद्र लक्ष्मणपुर और आश्रय स्थल भुपियामऊ का निरीक्षण कर साफ-सफाई करने और प्रवासी मजदूरों की नियमित जांच और राशन किट मुहैया कराने का निर्देश दिया।
बुधवार को लालगंज स्थित ट्रामा सेंटर पहुंचकर चिकित्सकों से बात कर इलाज की जानकारी ली। उन्होंने कोरोना मरीजों को नियमित देखभाल के साथ ही ताजा भोजन और साफ पानी मुहैया कराने को कहा है। कमिश्नर आर रमेश कुमार और आईजी कवींद्र प्रताप सिंह ने भुपियामऊ स्थित आश्रय स्थल जयमंगल सिंह शिक्षण संस्थान पहुंचकर प्रवासी मजदूरों की होने वाली जांच की जानकारी ली। उन्होंने साफ-सफाई करने और सभी प्रवासी मजदूरों को राशन का किट मुहैया कराने को कहा है। वह लक्ष्मणपुर गेहूं क्रय केंद्र पहुंचकर खरीद की जानकारी ली। उन्होंने डीएम से लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। फिलहाल बुधवार को मंडलायुक्त डीएम की व्यवस्था से पूरी तरह संतुष्ट नजर आए। इस मौके पर एसपी अभिषेक सिंह, सीडीओ डा. अमितपाल शर्मा, विजय कुमार शुक्ल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।