नेहरू का प्रथम प्रधानमंत्री बनना देश का दुर्भाग्य : आनंद
संसदीय कार्य राज्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता अभियान जन जागरण कार्यक्रम में कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रतापगढ़। चिलबिला स्थित श्रीरामवाटिका में भाजपा की तरफ से राष्ट्रीय एकता जनजागरण अभियान के तहत आयोजित गोष्ठी में मुख्य अतिथि ग्राम विकास एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पं. जवाहरलाल नेहरू का पहला प्रधानमंत्री बनना देश का दुर्भाग्य है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कश्मीर में जो भी हालात रहे, वह उन्हीं की देन है। पाक अधिकृत कश्मीर भी उन्हीं की भूल है। पं. नेहरू ने देश को धोखा दिया है।
उन्होंने कहा कि देश के लिए अनुच्छेद 370 काला धब्बा था। जिसे मोदी सरकार ने हटाकर ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने धारा 370 हटाए जाने के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि यह पूरी तरह से संवैधानिक निर्णय लिया गया है। असंवैधानिक नहीं है। अनुच्छेद 370 हटाने के बाद अब पाक अधिकृत कश्मीर की बारी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश में विकास के नए कीर्तिमान गढ़ रही है। मूलभूत सुविधाओं के साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से देश का हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। 2022 तक हर किसी के सिर पर छत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह गांव-गांव भ्रमण कर मोदी की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। सांसद संगमलाल गुप्ता, जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी ने मोदी व योगी सरकार की योजनाओं को जन- जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। संचालन लोकसभा संयोजक कृष्णकांत मिश्र ने किया। इस अवसर पर सूर्यकांत निराला, अशोक मिश्र, पवन गौतम, भाजयुमो जिलाध्यक्ष रवि गुप्ता, गिरीश पांडेय आदि मौजूद रहे।
सालभर के भीतर बनेगा राम मंदिर : सांसद
प्रतापगढ़। चिलबिला में राष्ट्रीय एकता जनजागरण अभियान के तहत आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए सांसद संगमलाल गुप्ता ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद अब बारी राम मंदिर की है। सालभर के भीतर अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 370 हटाकर ऐतिहासिक कार्य किया है। इससे कश्मीर का विकास होगा। आतंकवादी गतिविधियां समाप्त होंगी। शिक्षा, रोजगार, उद्योग आदि के अवसर बढ़ेेंगे।
देशहित में लिए जाएंगे फैसले
राज्यमंत्री आनन्द स्वरूप ने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने का फैसला तो मोदी सरकार का टेलर है। अभी तो पूरी पिक्चर बाकी है। अभी देशहित में कई फैसले लिए जाएगे। उन्होंने कहा कि यह पार्टी देश हित को ध्यान में रखकर कार्य करती है।
बाप-बेटे व भाई-बहन की पार्टी नहीं है भाजपा
राज्यमंत्री आनंद स्वरूप ने कहा कि भाजपा में वंशवाद नहीं है। यह बाप-बेटे व भाई-बहन की पार्टी नहीं है। यह जन- जन की पार्टी है। राष्ट्र के प्रति असीम भक्ति है। राष्ट्रहित ही पार्टी का लक्ष्य है।