हाईवे पर कार व ऑटो में टक्कर, महिला की मौत
- विश्वनाथगंज बाजार में बैंक के सामने पलटे ऑटो के नीचे दबने से चार सवारियां घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
विश्वनाथगंज। प्रयागराज- अयोध्या राजमार्ग स्थित विश्वनाथगंज बाजार में मंगलवार दोपहर कार व ऑटो में टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो के नीचे दबने से महिला की मौत हो गई और चार सवारियां घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद ऑटो चालक भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस कार व ऑटो को कब्जे में लिया और घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा।
विश्वनाथगंज बाजार स्थित स्टेट बैंक की चांदपुर शाखा से रुपये निकालकर एक व्यक्ति कार मोड़ रहा था। तभी प्रयागराज से आ रहे ऑटो व कार के बीच टक्कर हो गई। टक्कर लगने के बाद ऑटो पलट गया। यह देख आसपास के लोगों ने ऑटो के नीचे दबी सवारियों को मशक्कत के बाद लोगों ने बाहर निकाला।
ऑटो के नीचे दबने से भवानीपुर सुलेमपुर की रहने वाली आसरीन बानो (42), उसका बेटा शानू (13) गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि आसरीन की मां खतीमुल, उसकी बहन और भतीजी संग चालक को मामूली चोट आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल मां-बेटे को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने आसरीन बानो को मृत घोषित कर दिया। देल्हूपुर पुलिस ने कार व ऑटो को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष धनंजय राय ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।