जुलाई का पहला सप्ताह बीतने को है। स्नातक में दाखिले की रफ्तार सुस्त होने से कॉलेज प्रबंधकों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं, 30 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का आदेश राज्य विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को दिया है।
जिले में चार राजकीय, सात अनुदानित सहित कुल 169 कॉलेज संचालित हैं। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैय्या) विश्वविद्यालय ने स्नातक में दाखिले के लिए समय सारिणी जारी कर दी। मई से जून तक दो माह का समय समाप्त हो जाने के बावजूद कॉलेजों में 50 फीसदी सीटें भी नहीं भर पाई हैं। निजी कॉलेज तो दूर, इस बार राजकीय और अनुदानित कॉलेजों में भी दाखिले की रफ्तार सुस्त है।
जिले में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय की कुल 50,263 स्नातक की सीटें हैं। एमडीपीजी कॉलेज में प्रथम काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सीट न भर पाने के कारण दूसरी काउंसलिंग प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। वहीं, पीबीपीजी कॉलेज में भी दाखिला चल रहा है। करीब-करीब यही स्थित सभी कॉलेजों की है।
राज्य विश्वविद्यालय के कुलसचिव संजय कुमार ने बताया कि दाखिले की प्रक्रिया कॉलेजों में चल रही है। जुलाई तक अधिकांश सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।