सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात चार चिकित्सक बगैर सीएमओ को सूचना दिए एक साल से ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। सीएमओ ने एक बार इनके घर पर नोटिस भेजा तो इन चिकित्सकों ने किसी प्रकार का जवाब नहीं दिया। अब दूसरी बार नोटिस भेजा गया है। नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर इनके निलंबन के लिए शासन को पत्र लिखने की तैयारी में स्वास्थ्य विभाग है।
रानीगंज सीएचसी में तैनात सर्जन डॉ. पंकज श्रीवास्तव, हरिपुर वरदैता सीएचसी में तैनात एमबीबीएस डॉ. प्रदीप तिवारी, लालगंज सीएचसी में तैनात सर्जन डॉ. आलोक सिंह और कुंडा सीएचसी में तैनात एनेस्थीसिया अभिनव केसरवानी बगैर सूचना दिए ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। सीएमओ डॉ. एएन प्रसाद ने बताया कि इन चारों चिकित्सकों के पास नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया, मगर पहली बार नोटिस का जवाब किसी चिकित्सकों ने नहीं दिया।
दूसरी नोटिस इनके घर पर भेजा गया है। यदि 15 दिन के भीतर नोटिस का जवाब या फिर डॉक्टर अस्पताल में आकर अपना कार्यभार नहीं संभालते हैं तो निलंबन के लिए शासन को पत्राचार किया जाएगा। इन चिकित्सकों के बगैर सूचना ड्यूटी से गायब होने के कारण मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। इनके स्थान पर नए चिकित्सकों की तैनाती नहीं हो रही है।