सहयोग-समर्थन बना रहे, आपके समर्पण से बनता है हमारा संबल
मंच से एक बार भी नहीं किया उपचुनाव का जिक्र, बेहद संजीदगी से वोटरों को साध गए सीएम
चंद्रप्रकाश उपाध्याय
प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सदर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बेहद संजीदगी से वोटरों को साध गए। मुख्यमंत्री की जनसभा और अरबों की डेढ़ सौ से अधिक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास को भले ही उपचुनाव से जोडक़र देखा जा रहा है, लेकिन मंच से उन्होंने एक बार भी इसका एहसास नहीं होने दिया। अपने 21 मिनट के भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने एक बार भी सदर विधानसभा के उपचुनाव का जिक्र नहीं किया। इशारों-इशारों में ही वह लोगों को अपने आने का मकसद और भाजपा को जिताने के फायदे दोनों बता गए।
जनसभा के बाद पुलिस लाइन में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरी तरह से सदर विधानसभा सीट के उपचुनाव पर ही केंद्रित रहे। बूथ मजबूत करने का निर्देश दिया, लेकिन मंच से वह सबकुछ इशारों में कहते रहे। अपने भाषण के दौरान सीएम ने कई बार जातिवाद, क्षेत्रवाद और मजहब की राजनीति पर प्रहार किया। वह यह बताने का प्रयास करते रहे कि भाजपा इस तरह की राजनीति के सख्त खिलाफ है। उसके एजेंडे में सिर्फ और सिर्फ विकास है। उन्होंने पूर्व की सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि जाति और धर्म की राजनीति कर पहले की सरकारों ने सामाजिक तानेबाने को छिन्न-भिन्न कर दिया। सीएम ने यह कहकर मतदाताओं को अप्रत्यक्ष रूप से जोडने की कोशिश की कि लोकसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत के चलते ही भाजपा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म कर सकी। तीन तलाक को अपराध बनाया जा सका। उन्होंने पूछा, प्रतापगढ़ वालों बताओ, 370 हटाना जरूरी था कि नहीं। जनता से जोरदार समर्थन मिलने के बाद सीएम ने कहा कि इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर धन्यवाद दीजिएगा। हम विकास और सुशासन पर आगे बढेंग़े। पहले की सरकारें विकास कार्य कराने के नाम पर पैसे का रोना रोने लगती थीं। हमारी सरकार के लिए भी पैसा आसमान से नहीं टपक रहा है। जनता की पाई-पाई का हिसाब रखना और फिर उसे जनता को ही समर्पित कर देना सुशासन है। अपने भाषण के दौरान मोदी पूरी तरह विकास पर ही केंद्रित रहे। केंद्र से लेकर राज्य सरकार तक की उपलब्धियां गिनाते रहे। सीएम ने कहा कि आप का सहयोग और समर्थन बना रहे। आपका समर्पण हमारा संबल बनता है।
अपना दल का एक बार भी नहीं लिया नाम
2017 के विधानसभा चुनाव में समझौते के तहत प्रतापगढ़ सदर विधानसभा सीट अपना दल एस के खाते में चली गई थी। अपना दल से संगमलाल गुप्ता विधायक बने थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया। उनकी जीत के बाद ही यह सीट खाली हुई। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के दौरान एक बार भी अपना दल एस का जिक्र नहीं किया। मंच पर अपना दल एस के एक विधायक जरूर मौजूद थे, लेकिन कार्यक्रम स्थल और शहर में लगे होर्डिंग में कहीं भी अपना दल एस का कोई जिक्र नहीं था। ऐसे में इसकी पूरी संभावना है कि इस सीट पर उपचुनाव में भाजपा अपना प्रत्याशी लड़ाएगी।