फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pratapgarh News: सदर विधायक के करीबियों ने जेई को पीटा

Fri, 08 Mar 2024 01:22 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
सदर विधानसभा क्षेत्र के बेनीपुर में निर्माणाधीन सड़क के बदले गुंडा टैक्स की मांग पूरी न हाेने पर सदर विधायक के प्रतिनिधि समेत करीबियों ने लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता को दौड़ाकर पीटा। घटना से आक्रोशित कर्मचारियों ने कोतवाली में तहरीर दी।
विज्ञापन

इसके बाद पुलिस अधीक्षक से मिलकर घटना की जानकारी दी। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को बाध्य होंगे। इधर, पुलिस ने विधायक प्रतिनिधि समेत दो नामजद और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लोक निर्माण विभाग में तैनात अवर अभियंता छविराज यादव की देखरेख में बेनीपुर में सड़क का निर्माण चल रहा है। पुलिस को दिए शिकायती पत्र में अवर अभियंता ने आरोप लगाया है कि बुधवार शाम को वह सड़क निर्माण की प्रगति देखने गए थे।
विज्ञापन

निरीक्षण के दौरान सदर विधायक के प्रतिनिधि अरुण मौर्य, करीबी शक्ति सिंह समेत करीब 10 लोग पहुंचे। आरोप है कि प्रतिनिधि के इशारे उनके करीबियों ने सरकारी काम बंद कराते हुए जेई को दौड़ाकर पीटा। जिससे उसे अंदरूनी चोटें आईं।
आरोप है कि विधायक प्रतिनिधि ने चेतावनी देते हुए कहा कि सदर विधानसभा में जहां भी काम होगा उसके बदले गुंडा टैक्स चाहिए। गांव के लोगों के बीचबचाव पर उनकी जान बची।
बृहस्पतिवार को जेई छविराज ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए अपने सहकर्मियों के साथ पुलिस अधीक्षक से मिलकर घटना की जानकारी दी। जेई संघ ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती तो वे लोग आंदोलन को बाध्य होंगे।


जेई का आरोप निराधार है। सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों से विवाद की बात सामने आई है। पुलिस निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करे।-राजेंद्र मौर्य, सदर विधायक


सदर विधायक के बेटे व करीबियों पर पहले भी लगे हैं आरोप
सदर विधायक राजेंद्र मौर्य के बेटों व करीबियों पर पहले भी आरोप लगे हैं। कोहड़ौर में विधवा की जमीन कब्जाने और मैरिज हाल में चोरी करने की आशंका में युवक की पिटाई में विधायक के बेटों और करीबियों पर आरोप लग चुके हैं। उनके करीबियों का एक और मामला तब खासा चर्चा में रहा जब चिलबिला बाजार में जमीन के विवाद में विधायक के करीबियों की प्रताड़ना से परेशान दिव्यांग युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें