धीरे-धीरे ही सही लेकिन स्वच्छता को लेकर लोगों में जागरूकता आ रही है। कुंडा के बरई स्थित बदलावन का पुरवा गांव में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां घर में शौचालय न होने पर कन्या पक्ष ने रिश्ता तोड़ने की धमकी दे डाली है। उनकी ओर से शर्त रखी गई है कि शादी तभी होगी, जब लड़के के घर में शौचालय बनेगा। इसके चलते ही दो बार शादी की डेट आग भी बढ़ाई जा चुकी है।
विकास खंड कुंडा के बरई ग्रामसभा स्थित बदलावन का पुरवा गांव निवासी एक व्यक्ति के बेटे की शादी कालाकांकर सोनागाछी गांव में तय हुई है। वरीक्षा के साथ ही शादी की तारीख भी तय हो गई। हालांकि जब लड़की पक्ष को ये पता चला कि लड़के के घर में शौचालय नहीं है, तो उनका माथा ठनक गया। इसके बाद लड़की पक्ष की ओर से ये शर्त रख दी गई कि शौचालय बनने के बाद ही शादी होगी। इसके चलते ही दो बार शादी की तारीख भी आगे बढ़ा दी गई। बताया जा रहा है कि पहले शादी मई में ही होनी थी। हालांकि फिर इसे टाल दिया गया। अब एक बार फिर तारीख टाल कर दिसंबर में कर दी गई है। अब लड़के का पिता अनुदान राशि के लिए बीडीओ, एसडीएम के पास दौड़ रहा है। मामले में बीडीओ रमाशंकर का कहना है कि फिलहाल उन्हें ऐसे किसी मामले की जानकारी नहीं है।