अंतू-सांगीपुर मार्ग पर राहगीरों के लिए मुसीबत बने गड्ढे, तीन माह पहले 27.21 लाख से हुई थी मरम्मत
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। एक तरफ शासन और प्रशासन सड़कों को गड्ढामुक्त करने का दावा कर रहे हैं, मगर हकीकत यह है कि दावों का दम निकल गया है। सड़कों पर गड्ढे कम नहीं हुए हैं। तीन विधानसभाओं को जोड़ने वाले अंतू-सांगीपुर मार्ग पर गड्ढों की वजह से सफर करना खतरे से खाली नहीं है।
सदर, विश्वनाथगंज और रामपुरखास विधानसभाओं को जोड़ने वाला अंतू-सांगीपुर मार्ग इन दिनों गड्ढों में तब्दील हो गया है। गड्ढों को पाटने के लिए तीन माह पहले लोक निर्माण विभाग ने 27.21 लाख रुपये खर्च किए गए, मगर बरसात शुरू होते ही सड़कें पुरानी दशा में पहुंच गई हैं। संडवा चंडिका विकास खंड के कटका बाजार में सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई है। प्राइमरी स्कूल छतरपुर पाल बस्ती के सामने सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से बरसात का पानी भर गया है। जिससे लोगों को आने जाने में दिक्कत हो रही है।
-
सड़क को नए सिरे से बनाने के लिए शासन से मंजूरी मिल गई है, बरसात खत्म होने के बाद इसे बनाया जाएगा। फिलहाल गड्ढों को पाटने के लिए दो दिन के अंदर गिट्टी डाली जाएगी। हरीराम मौर्य , अवर अभियंता, लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड
क्या कहते हैं स्थानीय लोग-
0 इस इलाके की यह महत्वपूर्ण सड़क है। यह सड़क तीन विधानसभाओं को जोड़ती है, मगर विभाग से उपेक्षित रहती है। सड़क पर इतने गड्ढे हो गए हैं कि कदम रखना मुश्किल हो गया है।
पप्पू सिंह, पूर्व प्रधान, कटकामानापुर
0 क्षेत्र के हजारों गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग की उपेक्षित है। दिन रात इस मार्ग पर वाहनों का आना-जाना रहता है, मगर लोक निर्माण विभाग मरम्मत नहीं करा रहा है।
दिनेश तिवारी, कटकामानापुर
नगर पंचायत अंतू से सांगीपुर जाने वाली जर्जर सड़क पर बने गड्ढे। संवाद
नगर पंचायत अंतू से सांगीपुर जाने वाली जर्जर सड़क पर बने गड्ढे। संवाद
नगर पंचायत अंतू से सांगीपुर जाने वाली जर्जर सड़क पर बने गड्ढे। संवाद