कोहरे और ठिठुरन की वजह से जिले के विद्यालयों के संचालन के समय में परिवर्तन किया गया। लेकिन, अधिकांश बच्चे पुराने समय पर ही विद्यालय पहुंचे। इस दौरान शुक्रवार को विद्यालय में ताला लटका देख बच्चों ने कंधे से बस्ता उतारकर गेट पर टांग दिया और खेलते-कूदते स्कूल खुलने का इंतजार करते रहे।
कोहरे के साथ शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए डीएम शिव सहाय अवस्थी ने विद्यालय संचालन का समय सुबह 10 बजे से किए जाने का आदेश जारी किया है। डीएम के आदेश पर बीएसए ने नए समय से विद्यालय का संचालन करने का निर्देश शिक्षकों को दिए थे। आदेश के बाद अधिकांश अभिभावकों और बच्चों को विद्यालय संचालन के नए समय की जानकारी नहीं मिली। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने भी इसकी जानकारी नहीं दी। जिस वजह से पुराने समय पर ही विद्यालय पहुंच गए।
ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में भी बच्चे पुराने समय के हिसाब से सुबह आठ बजे पहुंच गए। विद्यालय गेट पर ताला लटकता देख खेलकूद करते रहे। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन के लापरवाहीपूर्ण रवैए पर नाराजगी भी जताई। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि नियम का पालन न करने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बढ़ रही ठंड के चलते विद्यालय संचालन के समय में बदलाव किया गया है।