थाना क्षेत्र के मदुरा रानीगंज गांव में सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जेनरेटर पर झूलते समय 12 वर्षीय बालक हादसे का शिकार हो गया। बच्चे की मौत से परिजन बेसुध हो गए।
कोहड़ौर थाना इलाके के मदुरा रानीगंज गांव निवासी हीरा प्रसाद सोनी का बेटा अशोक कुमार (12) पड़ोस में बन रहे मकान के पास बच्चों के साथ खेल रहा था। मकान निर्माण के लिए वहां किराये पर जेनरेटर लगाया गया था। बताया जा रहा है कि बच्चे जनरेटर के आसपास खेल रहे थे और इसी दौरान अशोक जेनरेटर पर झूलने लगा। अचानक जेनरेटर उसके ऊपर पलट गया और अशोक उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन बच्चे को स्थानीय कस्बे के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अशोक माता-पिता का इकलौता पुत्र था।