बीस जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेल्हा आ रहे हैं। उनका उड़नखटोला बेलखरनाथधाम ब्लॉक के करमाही गांव में उतरेगा। सूबे के जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह के आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कार्यक्रम में प्रतिभाग करने आ रहे मुख्यमंत्री अफसरों के साथ समीक्षा बैठक भी कर सकते हैं।
सूबे के कैबिनेट मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह के पैतृक गांव करमाही में 15 जनवरी से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया है। 15-21 जनवरी तक कथा और 22 जनवरी को भंडारे का आयोजन है। जिला प्रशासन ने सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम की भनक लगते ही तैयारियां तेज कर दी हैं।
20 जनवरी को सीएम सीधे करमाही गांव आएंगे या पुलिस लाइन में उतरने के बाद अफसरों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है। डीएम मार्कण्डेय शाही ने गुरुवार की शाम अफसरों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक कर बेलखरनाथधाम में प्रस्ताविक कार्यों को अविलंब पूरा कराने को कहा है।
लोक निर्माण विभाग को करमाही गांव की सड़क का चौड़ीकरण अविलंब करने को कहा है। सिंचाई विभाग के अफसरों से नहर की सिल्ट सफाई के साथ ही झाड़ियों को हटाने को कहा है।