प्रतापगढ़। लालगंज कस्बा सहित क्षेत्र के कई गांवों की बिजली समस्या दूर होने वाली है। तत्कालीन विधायक प्रमोद तिवारी के प्रस्ताव पर बने 33/11 केवीए क्षमता वाले विद्युत उपकेन्द्र का उद्घाटन सोमवार को लखनऊ स्थित अपने आवास पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव करेंगे। रामपुरखास की विधायक आराधना मिश्रा उर्फ मोना को उद्घाटन कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है।
बिजली समस्या से क्षेत्रीय लोगों को निजात दिलाने के लिए प्रमोद तिवारी ने अपने विधायकी कार्यकाल में 33/11 केवीए विद्युत उपकेन्द्र का प्रस्ताव शासन को भेजा था। उनके प्रस्ताव पर शासन ने मुहर लगाई तो युद्ध स्तर पर निर्माण कार्य शुरू हुआ। निर्माण कार्य शुरू ही था कि वह राज्यसभा सांसद हो गए। वह राज्यसभा सांसद बने तो उप चुनाव में रामपुरखास से उनकी पुत्री आराधना मिश्रा विधायक बन गईं। उपकेन्द्र का निर्माण पूरा हो चुका है।
आठ दिसम्बर को मुख्यमंत्री उस केन्द्र का उद्घाटन लखनऊ स्थित अपने आवास पर करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम के लिए विधायक आराधना मिश्रा को शासन ने आमंत्रण पत्र भेजा है। यहां यह बताना जरूरी है कि उपकेन्द्र का उद्घाटन हो जाने के बाद न सिर्फ लालगंज कस्बा बल्कि क्षेत्र के कई गांवों का भी बिजली संकट दूर हो जाएगा। ओवरलोड से प्रभावित सरकारी कार्यालयों का कामकाज भी सुचारू रूप से हो सकेगा। यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी जगन्नाथ दूबे ने दी है।