chaos in offices colony silence on cdo residence
- फोटो : PRATAPGARH
एडीएम (वित्त एवं राजस्व) शत्रोहन वैश्य के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद ऑफीसर्स कालोनी में हड़कंप मच गया है। एडीएम आवास के बगल स्थित सीडीओ के आवास पर भी सोमवार को सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि सीडीओ विकास भवन में बैठकर कामकाज निपटाते रहे। इधर, कालोनी में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर थर्मल स्क्रीनिंग करती रही। इधर, डीएम कैंप कार्यालय और एडीएम कार्यालय को सैनिटाइज किया गया।
वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए लगातार सक्रिय रहे एडीएम के कोरोना पीड़ित होने की खबर से अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ ही डीएम कैंप कार्यालय और ऑफीसर्स कालोनी के लोग भी सहमे हुए हैं। डीएम कैंप कार्यालय में ही एडीएम का भी ऑफिस खुला था, जिसमें वह आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे थे। एडीएम के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर उन अफसरों की नींद उड़ गई है, जो उनके साथ बैठकर हर रोज मीटिंग और कार्य संपादित करते थे। सोमवार को विकास भवन आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों में एडीएम के संक्रमित होने और अपनी जांच कराने को लेकर चर्चा होती रही।
सोशल मीडिया पर दिनभर छाए रहे एडीएम
सोशल मीडिया पर कोरोना संक्रमित एडीएम के शीघ्र स्वस्थ होने को लेकर दिनभर लोग पोस्ट करते रहे। अधिवक्ताओं, पत्रकारों और कर्मचारियों के साथ अच्छे संबंध होने से सभी जल्द उनके स्वस्थ होने की कामना करते रहे।