कलेक्शन एजेंट से हुई लूट के मामले में पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं बदमाशों की धरपकड़ के लिए एसपी ने दो टीमों का गठन किया है। पुलिस टीमें बदमाशों को पकड़ने में लगी हुई हैं, लेकिन दूसरे दिन भी उनका कोई सुराग नहीं लग सका है।
प्रयागराज के झुंसी निवासी मनोज प्रजापति भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड कंपनी के कलेक्शन एजेंट हैं। सोमवार को वह वसूली कर शाम को बाइक से कार्यालय लौट रहे थे। शुकुलपुर धीमी नहर पुल के पास बाइक सवार दो बदमाश पीछे से पहुंचे। तमंचा सटाते हुए रुपये से भरा बैग छीनने लगे। न मानने पर बदमाशों ने तमंचे के बट से मनोज के सिर पर प्रहार भी किया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद मौका पाकर बदमाश रुपयों से भरा बैग लेकर भाग निकले। बैग में वसूली के 81 हजार पांच सौ रुपये, दो बायोमेट्रिक डिवाइस व एक टेबलेट मोबाइल था।