आसपुर देवसरा थाने पर करंट से झुलसे लाइनमैन की मौत के मामले में पुलिस ने एएसओ समेत दो विद्युत कर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के भाई ने तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
आसपुर देवसरा इलाके के डाही गांव में बीते 30 मई को ट्रांसफाॅर्मर का फ्यूज जोड़ते समय करंट से लाइनमैन झुलस गया था। लखनऊ ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई थी। मृतक के भाई बृजेश श्रीवास्तव ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि सदहा पावर हाउस पर तैनात असिस्टेंट स्टेशन ऑपरेटर राजेंद्र यादव ने शटडाउन के दौरान जानबूझकर आपूर्ति चालू कर दी थी। इस कारण उनका भाई राकेश कुमार श्रीवास्तव करंट से झुलसकर पोल पर लटक गया। आरोप है कि दुर्घटना के बाद सदहा पावर हाउस पर तैनात विद्युत कर्मियों ने उसकी कोई मदद नहीं की। पुलिस ने असिस्टेंट स्टेशन ऑपरेटर राजेंद्र यादव पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।