उदयपुर के अठेहा के रहने वाले इरशाद को अगवा कर पेड़ से बांधकर पिटाई करने वाले दो आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेजा।
अठेहा निवासी इरशाद को 6 अक्तूबर को परिवार का ही अब्दुल अहमद अपने एक अज्ञात साथी के साथ अगवा कर रायबरेली के जंगल में ले गया। इसके बाद जंगल में उसे पेड़ से बांधकर बेल्ट से पीटा। चार दिन बाद शनिवार को पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पीड़ित युवक इरशाद के न मिलने पर उसके पिता से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया। जबकि आरोपी अहमद की पत्नी ने भी इरशाद के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। जांच के बाद पुलिस ने अब्दुल अहमद और उसके दूसरे साथी रायबरेली के सांडा सलोन निवासी कासिम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पीड़ित ने अपहरण के साथ 30 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया था। रविवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटना में प्रयुक्त बाइक समेत गिरफ्तार कर जेल भेजा। एसओ राधे बाबू ने बताया कि रुपये छीनने की पुष्टि नहीं हो सकी।