बैनामे की जमीन पर हो रहे कब्जे से मना करने पर दंपती ने बेटों के साथ मिलकर हमला कर दिया। घटना का वीडियो बनाने पर पीड़ित की बेटी का मोबाइल तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दंपती व उसके बेटों सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
हथिगवां थाना क्षेत्र के कैमा गांव निवासी राम दुलारे निर्मल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह परिवार के भरण पोषण के लिए मुंबई में कारोबार करता है। सितंबर 2024 में गांव के ही तौकीर अहमद से डेढ़ लाख रुपये में जमीन खरीदी थी। 13 अक्तूबर की शाम वह खरीदी गई जमीन पर पहुंचा तो देखा कि रूस्तम पटरा डालकर उस पर कब्जा कर रहा था। विरोध करने पर रूस्तम, उसकी पत्नी व बेटों महफूज, अयान और बंटा ने गाली गलौज के साथ जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए चाकू लेकर दौड़ा लिया। जिससे वह डरकर घर चला गया। 16 अक्तूबर की शाम आठ बजे रूस्तम उक्त जमीन पर दरवाजा लगाने की तैयारी करने लगा। जानकारी होने पर राम दुलारे अपनी पत्नी और बेटी के साथ रोकने गया तो उक्त लोग गाली गलौज करते हुए पत्नी का कपड़ा फाड़ दिए। घटना का वीडियो बना रही बेटी के साथ अभद्र व्यवहार किया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रूस्तम, उसकी पत्नी व बेटों महफूज, अयान और बंटा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।