अलग-अलग घटनाओं में हुई मारपीट व बवाल में इक्कीस के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। लालगंज कोतवाली के पूरे वंशी नेवाजी निवासी निवासी शिवकली पत्नी राजेंद्र प्रसाद मिश्र का आरोप है कि नाग पंचमी के दिन उसका बेटा प्रवीण कुमार गावं के कृष्ण कुमार के साथ बाइक से घर लौट रहा था। रंजिश के चलते विपक्षियों ने उस पर लाठी डंडे व कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया।
आरोप है कि प्रवीण का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी लालजी तिवारी, प्रकाश तिवारी, आकाश तिवारी व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। उधर, दूसरे पक्ष के पूरे वंशी निवासी शिवकुमारी पत्नी लालजी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि चुनावी रंजिश को लेकर 25 जुलाई को गांव के प्रवीण, पवन, कृष्ण कुमार, मुख्तार ने पांच अज्ञात लोगों के साथ मिलकर लाठी डंडे व कुल्हाड़ी से मारापीटा।
आरोपियों की मारपीट में उसका पति व घर की लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता की शिकायत पर पांच नामजद समेत दस आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट आदि संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया है। वहीं लालगंज कोतवाली के रघवापुर निवासी धर्मराज मिश्र ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि बीती 14 जुलाई को रंजिश के चलते गांव के धीरज प्रजापति, श्रीराम प्रजापति, राकेश प्रजापति व रमेश प्रजापति समेत तीन अज्ञात लोगों ने एक राय होकर उसके घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने धारदार हथियार से परिवार के सदस्यों को मारापीटा। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास व बलवा का मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।
नौ आरोपियों पर हत्या के प्रयास का केस
कोतवाली के कौडिय़ाडीह निवासी सोनी पत्नी पवन पटेल का आरोप है कि जमीन विवाद में बीते 19 जुलाई को गांव के हरिकेश, मंजीत, संदीप, बड़ेलाल व पांच अज्ञात लोगों ने घर पर धावा बोलकर लाठी-डंडे से पीटकर लहूलुहान कर दिया। आरोपियों के हमले में परिजन अचेत हो गए। पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास व बलवा का मुकदमा दर्ज किया गया है।
डोर टू डोर हुई 410 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग
नगर के संगियापुर व शीतलमऊ में कोरोना का मामला सामने आने के बाद इलाके को सील कर थर्मल स्क्रीनिंग शुरू की गई। सीएचसी अधीक्षक डॉॅ. अरविंद गुप्ता की देखरेख में दोनो हाटस्पाट एरिया में डोर टू डोर 98 घरों के 410 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा की गई। अधीक्षक ने बताया कि प्रतिदिन पांच सौ लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाएगी। संदिग्धों को सैंपल लेकर कोरोना की जांच के लिए प्रयागराज की एसआरएन अस्पताल भेजा जाएगा।
कोरोना की जद में आ सकते हैं पुलिस के आलाधिकारी
नगर स्थित कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक की जांच रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आने के बाद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है। कोतवाली में कोरोना की दस्तक होने से महकमें के आला अफसर पर भी कोरोना की जद में आने की आशंका बढ़ गई है। कोतवाल के पाजिटिव होने की जानकारी पर कई अधिवक्ताओं के साथ पीस कमेटी की बैठक में शामिल हुए लोगों के भी होश उड़ गए हैं।
लालगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश भारती बीते कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित चल रहे थे। तीन दिन पहले उनकी तबियत अधिक खराब हो गई। सोमवार को लालगंज सीएचसी में रैपिड टेस्ट में कोतवाल की जांच रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आ गई। लालगंज कोतवाल के कोरोना संक्रमति होने की जानकारी पर कोतवाली परिसर में हड़कंप मच गया। कोतवाल के हमराहियों के साथ कार्यालय स्टाफ व पुलिस कर्मियों में दहशत फैल गई। कोतवाली में कोरोना की दस्तक होने से अब पुलिस कर्मियों को आइसोलेट किए जाने की तैयारी की जा रही है। कोतवाली परिसर को भी शीघ्र ही सैनिटाइज किया जाएगा। उधर कोतवाल के कोरोना पाजिटिव होने पुलिस विभाग के अफसरों पर कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। दो दिन पहले ही कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक में कोरोना पाजिटिव प्रभारी निरीक्षक राकेश भारती के साथ सीओ जगमोहन सिंह भी शामिल हुए थे। अब सीओ के साथ पीस कमेटी की बैठक में शामिल होने आए क्षेत्रीय लोग भी दशहत भमें है। वहीं सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दिनेश द्विवेदी लालगंज के डाक बंगले में पहुंचे थे, यहां उनकी मुलाकात भी प्रभारी निरीक्षक राकेश भारती से होने की बात बताई जा रही है। इधर लालगंज कोतवाल के साथ तहसील के कई अधिवक्ताओं की लगातार मुलाकात भी हुई थी। अब कोतवाल के संक्रमित होने की जानकारी पर अधिवक्ताओं के पैरों तले जमीन खिसक गई। अधीक्षक डॉ. अरविंद गुप्ता ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक की जांच रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई है। कोतवाली के समस्त स्टाफ का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा।
बाबा बूढ़ेनाथ धाम पर किया गया पौधरोपण
क्षेत्र में देऊम पश्चिम स्थित बाबा बूढ़े नाथ धाम पर समाजसेवी विवेक शुक्ल ने खंड विकास अधिकारी के साथ मिलकर सोमवार को पौधरोपण किया। पौधरोपण के पश्चात श्री शुक्ल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के जरिए ही मनुष्य को स्वस्थ रखा जा सकता है। उन्होने ग्रामीणों से पांच पांच पौधे अपने घरों के आसपास लगाने का आह्वान किया। इस मौके पर नागेंद्र नाथ तिवारी, मनोज सिंह, संतोष तिवारी, मान गिरि आदि मौजूद रहे।