हाथरस की बेटी से दरिंदगी की घटना के बाद पीड़ित परिजनों से मिलने जा रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी को रोके जाने की घटना के विरोध में कोतवाली में उग्र प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी समेत 22 कांग्रेसियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
आरोप है कि कोरोना काल में सभी बगैर किसी अनुमति के प्रदर्शन कर रहे थे।
राहुल गांधी को हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलने से रोकने के विरोध में शुक्रवार को शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था।
यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी की अगुवाई में कार्यकर्ता कोतवाली में ही धरने पर बैठ गए थे।
इस मामले में कोतवाली पुलिस ने पूरे पितई निवासी नीरज त्रिपाठी, बलीपुर निवासी इंद्राकर मिश्र, सगरासुंदरपुर लालगंज निवासी राम प्रसाद, पल्टनबाजार निवासी इरफान अली, पुराना मालगोदाम रोड निवासी प्रशांत शुक्ला, न्यू कालोनी बाबागंज निवासी सरोज धुरिया, लालजी, नरसिंह प्रकाश मिश्र, विजयशंकर त्रिपाठी, अब्दुल रहमान, उमेश तिवारी, राम रतन तिवारी, अंकुर मिश्र, मोहम्मद हुजैन, महेंद्र शुक्ला, प्रेम शंकर द्विवेदी, उर्मिला धुरिया, जसवंत, अजीत कुमार तिवारी, संजय पांडेय समेत 22 लोगों के खिलाफ कोरोना काल मेें बगैर अनुमति के प्रदर्शन करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
जबलपुर में मिली घर से गायब बालिका
घर से गायब हुई बालिका 24 घंटे बाद जबलपुर में मिली है। जबलपुर पुलिस की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस उसे लेने के लिए रवाना हो गई है।
नगर कोतवाली के शुकुलपुर दहिलामऊ निवासी सुनील शर्मा की 12 वर्षीय बेटी वंशिका शर्मा शुक्रवार दोपहर एक बजे घर से गायब हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस पर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। दूसरे दिन शनिवार को उसके जबलपुर में मिलने की सूचना मिली। इसकी जानकारी मिलने के बाद एसपी अनुराग आर्य ने नगर कोतवाली पुलिस को सुनील के साथ बालिका को लाने के लिए भेजा। पुलिस सूत्रों का कहना है कि बालिका को रेलवे पुलिस ने बरामद किया है। वह प्रयागराज से ट्रेन पकड़कर कहीं जा रही थी। किसी ने उसे हीरोइन बनाने का फोन पर झांसा देकर बुलाया था।