कुंडा इलाके में मंगलवार को इलाहाबाद की तरफ से लखनऊ जा रही कार में ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे कार सड़क किनारे पलट गई। आसपास के लोगों ने ट्रक को रोक लिया और चालक को बैठा लिया। इसके बाद कार में फंसे दो लोगों को बाहर निकाला गया। इसमें एक युवक की मौत हो चुकी थी। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल था। उसे अस्पताल ले जाया गया।
इलाहाबाद जनपद के कीडगंज चौखंडी निवासी नरेंद्र पांडेय (30) पुत्र दूधनाथ पांडेय अपने साथी नैनी मामा भांजा तालाब रुद्रा इन्क्लेव निवासी सिद्धार्थ जैन (28) पुत्र पदुम कुमार जैन के साथ कार से लखनऊ की तरफ जा रहे थे। कुंडा कोतवाली के शेखपुर आशिक चौराहे के पास सामने से आ रहे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। इससे अनियंत्रित होकर पलट गई। आसपास के लोगों ने ट्रक को रोक लिया और ड्राइवर को बैठाकर पुलिस को सूचना दी। उधर, कार में मौजूद दोनों लोगों को बाहर निकाला। जब तक एम्बुलेंस और पुलिस आती तब तक नरेंद्र पांडेय की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के माध्यम से दोनों को सीएचसी कुंडा ले गए, जहां चिकित्सकों ने नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया और सिद्धार्थ का इलाज शुरू कर दिया। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी और शव को कोतवाली ले आए। दोपहर में परिजन पहुंचे तो शव देख बिलख पड़े। पुलिस ने उनके आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, घायल सिद्धार्थ को चिकित्सकों ने रेफर कर दिया।