लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर मंगलवार की सुबह बेकाबू कार की टक्कर से अस्पताल जा रहे बाइक सवार देवर-भाभी की मौत हो गई। खबर मिलने पर परिजन रोते बिलखते रहे।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के बड़गौ निवासी 40 वर्षीय अनूप उपाध्याय मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे अपनी 47 वर्षीय भाभी आनंद मोहनी का सीएचसी कुंडा में इलाज कराने जा रहे थे। बाइक से वह फतेहउल्लाहपुर के पास पहुंचे, तभी लखनऊ की तरफ से आ रही कार अचानक अनियंत्रित होकर बाइक को टक्कर मारते हुए बाग में जाकर रुकी।
हादसे में बाइक सवार देवर-भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार सवार बाल-बाल बच गए। लोगों को आता देख कार चालक भाग निकला। ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी भेजा, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक अनूप की एक बेटी आठ माह की है। जबकि आनंद मोहनी की बेटी अर्चिता और बेटा नयन है।