दिलीपपुर थाना क्षेत्र के शिवसत गांव में सोने से पहले हुए दोस्तों में हुए विवाद के बाद एक ने दूसरे पर चाकू मार दिया। हमले के बाद घर के बाहर चाकू छिपाते समय ग्रामीण ने उसे पकड़ लिया। मारपीट कर पुलिस के हवाले कर दिया। दोस्त के भतीजे की शादी शामिल होने आया गोरखपुर निवासी आरोपी कई दिनों उसी के घर में रुका था।
दिलीपपुर के शिवसत निवासी बालगोविंद के बेटे शिवम की 13 नवंबर को शादी थी। पंद्रह दिन पहले बालगोविंद का छोटा भाई रोशनलाल (43) केरल से घर आया था। उसने साथ काम करने वाले गोरखपुर के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के मौंनहा बारी टोला के रहने वाले दोस्त श्यामसुंदर सिंह को भी शादी में शामिल होने के लिए बुलाया था। वह भी 12 नवंबर को शिवसत आ गया। तब से वह रोशन के घर रुका था।
बताते हैं कि शनिवार की रात दोनों शराब पी रखी थी। रोशन का श्यामसुंदर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों एक ही कमरे में सोने चले गए। रविवार भोर में श्यामसुंदर ने करीब सो रहे रोशनलाल के गले पर चाकू से हमला कर दिया। चीखने पर परिजन पहुंचे। देखा तो रोशन से खून से लथपथ था और श्यामसुंदर रजाई ओढ़कर सो रहा है। पूछने पर घटना से अनभिज्ञता जताई।
आननफानन में परिजन रोशन को लेकर मेडिकल कॉलेज भागे, जहां गले में 12 टांके लगे। इमरजेंसी में उसका उपचार चल रहा है। इधर, कुछ देर बाद श्यामसुंदर शौच के लिए बाहर निकला। सरपत के झुरमुट में चाकू छिपाने के दौरान लोगों ने उसे पकड़ लिया। पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बाल गोविंद की तहरीर पर पुलिस ने श्यामसुंदर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।