by shortage of vegetables the rates of vegetables raised
- फोटो : PRATAPGARH
महुली मंडी में दो दिनों से सोरांव से सब्जियां नहीं आ रही हैं। इसके चलते हरी सब्जियों के दाम आसमान पर पहुंच गए हैं। महुली मंडी में थोक विक्रेताओं के दाम बढ़ाने के बाद फुटकर दुकानदारों ने इसका खुलकर लाभ उठाया। सुबह महुली मंडी में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी तो शाम को बाजारों में सब्जी डंप करने के लिए लोगों ने बड़ी संख्या में खरीदारी की।
जिले में तीन दिनों के लिए लॉकडाउन की घोषणा होते ही ग्राहक हरी सब्जियों को खरीदने के लिए उमड़ पड़े। इधर, फुटकर दुकानदार इसकी जानकारी होते ही बढ़े दाम पर बेचने लगे। प्रयागराज के सोरांव से जिले में हरी सब्जियां आती हैं, मगर लॉकडाउन होने के कारण दो दिन से सब्जियां आनी बंद हो गई हैं। सामान्य दिनों में 20 रुपये किग्रा बिकने वाला आलू मंगलवार की शाम 30 रुपये की दर से बिका। तीस रुपये की दर से बिकने वाला टमाटर 50 रुपये, 30 रुपये में बिकने वाली प्याज 40 रुपये, तीस रुपये प्रति किग्रा की दर से बिकने वाला कद्दू और लौकी 40 रुपये की दर से बिका। भिंडी और परवल 100 रुपये, करैला 120 रुपये, मटर 80 रुपये, मिर्चा 150 रुपये प्रति किलो की दर से बिका। हालांकि अधिकांश ग्राहकों ने आलू और प्याज की अधिक मात्रा में खरीदारी की। तीन दिन की बंदी की घोषणा होने के बाद सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं।