आसपुर देवसरा इलाके में मंगलवार रात दुकान बंद कर घर लौट रहे किराना दुकानदार को बदमाशों ने गोली मार दी। पुलिस उसे सीएचसी ले गई जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने एसआरएन रेफर कर दिया।
पुलिस घटना की जांच कर रही है। आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के सेमराडीह गांव निवासी बाबूराम पुत्र राममिलन अग्रहरि की कबीरपुर में किराना की दुकान है।
मंगलवार रात 8:00 बजे बाबूराम दुकान बंद करने के बाद साइकिल से घर लौट रहे थे। सेमराडीह गांव से कुछ दूर पहले 2 लोगों ने उन्हें रोक लिया। बातचीत के दौरान एक युवक ने तमंचा निकालकर उन्हें गोली मार दी।
घटना के बाद दोनों बदमाश भाग निकले। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने के साथ ही बाबूराम को सीएचसी ले गए। खबर पाकर घर वाले भी आ गए।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बाबूराम की हालत गंभीर देख कर एसआरएन प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया। पुलिस घटना की जांच करने के साथ ही बदमाशों की तलाश कर रही है।