महेशगंज के हीरागंज नया पुरवा में सोमवार की देर रात बुग्गी चालक दिनेश नशे की हालत में तालाब में गिरकर डूब गया। जिससे उसकी मौत हो गई। खबर मिलने पर परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। घटना के बाद परिजन सदमे में हैं।
नगर पंचायत हीरागंज के नया पुरवा निवासी दिनेश यादव (32) बुग्गी चलाकर परिवार का गुजर बसर करता था। सोमवार की शाम वह बुग्गी घर में खड़ी करने के बाद बाजार की ओर निकल गया। ग्रामीणों के अनुसार रात में नशे की हालत में दिनेश घर लौट रहा था। इस बीच वह तालाब में गिर गया। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे। लोगों ने उसे किसी तरह तालाब से बाहर निकाला। बेहोशी की हालत में परिजन उसे सीएचसी महेशगंज ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंचकर छानबीन करते हुए आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। उसकी मौत के बाद पत्नी, बेटी काजल, बेटा आशीष रोते बिलखते रहे। महेशगंज थानाध्यक्ष श्रवण सिंह ने बताया कि नशे की हालत में तालाब में गिरने उसकी मौत हुई है।