‘बीएसएनएल बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन के तहत कर्मचारियों ने मंगलवार को कार्यालय पर तीन दिवसीय धरना शुरू किया। दहिलामऊ स्थित बीएसएनएल कार्यालय पर संयुक्त फोरम आफ बीएसएनएल यूनियंस के अध्यक्ष महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि प्रबंधन की तानाशाही के चलते कर्मचारियों की उपेक्षा हो रही है।
सुविधाओं में कटौती के साथ ही लंबित मांगों पर गौर नहीं किया जा रहा है। इसलिए कर्मचारियों ने एक सूत्रीय मांग ‘बीएसएनएल बचाओ, देश बचाओ’ के लिए आंदोलन छेड़ा है। धरने को संबोधित करते हुए संयुक्त फोरम के संयोजक महरानीदीन ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर तीन दिवसीय धरना आठ जनवरी को समाप्त होगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी प्रबंधन ने मांग नहीं मानी तो 25 फरवरी को संसद मार्च और 17 मार्च से कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे। इस मौके पर अजमत अली, एएन तिवारी, चेतराम पटेल, एआरखान, डीके गुप्ता, जीपी तिवारी आदि मौजूद रहे।