जान जोखिम में डालकर सैकड़ों ट्रेन यात्रियों की जान बचाने वाली श्यामा देवी को सम्मानित करने की अमर उजाला की पहल का स्वागत करते हुए सोमवार को कैबिनेट मंत्री प्रो.शिवाकांत ओझा ने श्यामा को वीरांगना लक्ष्मीबाई सम्मान से नवाजा। उन्होंने श्यामा के कार्य की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री से भी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
एलायंस क्लब इंटरनेशनल की ओर से डाक बंगले में आयोजित सम्मान समारोह में बोलते हुए मंत्री शिवाकांत ओझा ने कहा कि श्यामा देवी ने वास्तव में अपने अदम्य साहस व वीरता का परिचय दिया है। काशी विश्वनाथ ट्रेन के सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने के साथ-साथ श्यामा ने रेलवे को होने वाली करोड़ों के नुकसान से भी बचा लिया। मंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद एसडीएम सदर से श्यामा देवी को आवासीय पट्टा, बीपीएल श्रेणी का राशन कार्ड बनवाने का निर्देश दिया। साथ ही राशन की भी व्यवस्था कराने को कहा।