रानीगंज थाना क्षेत्र के केशवापुर में चोरी के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान। संवाद
पुलिस को चुनौती देते हुए चोरों ने बुधवार की रात ईंट भट्ठा मालिक समेत चार घरों से लाखों से रुपये के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की भनक तक घरवालों को नहीं हो सकी। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में खौफ है। पुलिस मौके पर फाॅरेंसिक टीम के साथ पहुंची और छानबीन कर लौट गई।
रानीगंज के केशवापुर निवासी अरविंद पांडेय उर्फ बबलू ईंट भट्ठा कारोबारी हैं। बुधवार की रात उनका परिवार के सदस्य घर के बाहरी हिस्से में सो रहे थे। बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। बदमाश कमरों का ताला तोड़कर करीब दस लाख रुपये के जेवर और डेढ़ लाख रुपये नकद चुरा ले गए। कुछ दूरी पर स्थित पुरोहित चंद्रकांत पांडेय के घर में पीछे के रास्ते घुसे चोर जेवरात व दस हजार रुपये समेट ले गए। कोडरडीह की फूलकली के घर की खिड़की की जाली निकालकर चोर घर में ही चोर घुसे। यहां से 13 लाख रुपये के जेवरात व 15 हजार रुपये ले गए। यहां के बाद बदमाशों ने राम नगर के पंकज यादव के घर को निशाना बनाया। यहां कमरे का ताला तोड़कर आलमारी व बॉक्स से करीब सात लाख रुपये के जेवर चुरा लिए।
चोरों ने सभी घरों के दरवाजों की कुंडी व ताले तोड़े, लेकिन गहरी नींद सो रहे घरवालों को भनक तक नहीं लगी। बृहस्पतिवार की सुबह घर में सामान बिखरा देखकर सभी परेशान हो गए। सूचना पर पुलिस जांच पड़ताल करने मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। थानाध्यक्ष सर्वेश सिंह ने कहा कि चोरों की तलाश की जा रही है।