स्कूली बच्चों को घर छोड़ने जा रही बस ब्रेक फेल होते ही अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। गनीमत रही कि हादसे के दौरान बस में सवार आठ बच्चे बाल-बाल बच गए। बच्चों की चीख सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला।
दुकरा स्थित एसआरएस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में छुट्टी होने के बाद एक बस बच्चों को घर छोड़ने के लिए निकली। पूरेधनी चौराहे पर बस पीछे करते समय अचानक ब्रेक फेल हो गया। इससे बस अनियंत्रित होकर खेत में जाकर पलट गई। बस में चिलावां के रहने वाले आठ बच्चे सवार थे। जो बाल-बाल बच गए।
मौके पर पहुंचे अरुण उपाध्याय ने बताया कि कुल 8 बच्चे बस में सवार थे। जिनको खरोंच भी नहीं आई है। सभी को घर पहुंचा दिया गया है। घटना की जानकारी होते ही विद्यालय प्रबंधन भी मौके पर पहुंचा। खेत में बस को निकलवाने का प्रयास किया जाता रहा। विद्यालय के एक वाहन को हाल ही में एआरटीओ प्रवर्तन ने सीज भी किया था। विद्यालय के प्रधानाचार्य वेदनाथ सिंह ने बताया कि रास्ता संकरा होने के कारण बस पीछे करते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सभी बच्चे सुरक्षित हैं।