नगर कोतवाली के महुली बाजार में शुक्रवार रात दूध पीते समय एक मासूम के गले में निप्पल फंस गया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर देखकर डाक्टरों ने इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। महुली बाजार निवासी इमरान का तीन वर्षीय बेटा अरहन शुक्रवार रात निप्पल से दूध पी रहा था। परिजन अपने-अपने काम में व्यस्त हो गए। बताते हैं कि दूध पीते समय अचानक निप्पल उसके मुंह के अंदर चला गया। काफी देर तक घर के किसी सदस्य को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। इससे निप्पल मासूम के गले में फंस गया।
काफी देर बाद जब उसकी मां पहुंची तो उसे तड़पते देख परेशान हो गई। उसने तुरंत फोनकर बाहर गए इमरान को इसकी जानकारी दी। इस पर वह भागकर घर आया और आननफानन में अरहन को जिला अस्पताल लाया गया। यहां काफी प्रयास के बाद चिकित्सक उसके गले से निप्पल नहीं निकाल सके। इधर अरहान की हालत बिगड़ती जा रही थी। मामला बिगड़ते देख चिकित्सकों ने उसे इलाहाबाद ले जाने की सलाह दी। घरवाले उसे लेकर इलाहाबाद जा ही रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। वह माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन हैं। इमरान पंजाबी मार्केट में कपड़ा का दुकान चलाता है।