हड़ताल पर रहे बीओबी कर्मी, 100 करोड़ का लेनदेन प्रभावित
- 97 बैंकों में दूसरे दिन भी काम काज ठप होने खातेदार हुए परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर दूसरे दिन मंगलवार को भी हड़ताल पर रहे। हड़ताल की वजह से 97 बैंकों में कामकाज ठप रहा। करीब 100 करोड़ का लेनदेन भी प्रभावित हुआ। खातेदार परेशान घूमते रहे। नाराज कर्मचारियों ने मीरा भवन स्थित मुख्य शाखा में धरना-प्रदर्शन किया। मांग पूरी न होने पर आगे कार्य बहिष्कार करने की चेतावनी भी प्रबंधन को दी।
शहर के मीराभवन स्थित बड़ौदा यूपी बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय पर ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह के अध्यक्षता में एकजुट हुए सभी कर्मचारियों ने हड़ताल पर रहते हुए धरना-प्रदर्शन किया। अध्यक्ष ने अन्य राज्यों से आए कार्मिकों को उनके राज्यों में कार्मिक आवास ऋण की सुविधा लागू कराने पर जोर दिया।
एनएफआरबीओ के राष्ट्रीय एजीएस शैलेंद्र सिंह ने बताया कि प्रायोजक बैंक ग्रामीण बैंकों का शोषण कर रही है। अपने यहां से स्केल 5 के अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति पर ग्रामीण बैंक में भेज रहे है, जिससे हमारे लाभप्रदता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
यूनियन के महामंत्री मुकुंद पाठक ने बताया कि तीन सालों से हमारे बैंक में रिक्त पदों में भर्ती नहीं की गई। जिससे कार्मिकों पर कार्यों का बोझ दिनों दिन बढ़ता ही जा रहा है। फलस्वरूप कार्मिकों के स्वास्थ्य पर खराब प्रभाव पड़ रहा है। अभिषेक ने कहा कि अगर प्रबंधन हमारे मांगों को नही मानता है तो हमें 15 जुलाई से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाना पड़ेगा।
धरना में एसोसिएशन के महामंत्री मोहित शुक्ला, बिट्टू, विपिन, अशोक सिंह, मदन, राजकमल त्रिपाठी,उपकार, नीरज, रिटायर्ड फोरम से एमके सिंह, डीपी सिंह और एनबी सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे एवं हड़ताल को मजबूती दी ।