लग्जरी कार लेने के मामले में पूछताछ करने पहुंची मुंबई पुलिस
मुंबई के विरार पूर्व जनपद के डॉ. पाटिल कंपाउंड कोपरी की रहने वाली पुष्पा चंद्रकांत पाटिल ने विरार पुलिस स्टेशन में ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह के खिलाफ शिकायती पत्र दिया है। जिसमे आरोप लगाया है कि फोर्ड की उसकी लग्जरी कार 10 लाख रुपये के एवज में किशोर महाले के पास से खुद ले लिया। अब रुपये देने के बाद भी कार वापस नहीं कर रहा। पुष्पा चंद्रकांत पाटिल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर विरार पुलिस बुधवार को प्रतापगढ़ पहुंची। सूत्रों के अनुसार जेल में निरुद्ध ब्लॉक प्रमुख से पूछताछ करने से पहले ही पट्टी पुलिस ने उसे रिमांड पर ले लिया। मुंबई पुलिस आरोपी प्रमुख से घटना के सिलसिले में जानकारी लेने के लिए मौके की तलाश में है।
हरियाणा पुलिस भी करेगी एमडी के बारे में पूछताछ
पुलिस के अनुसार बाबा बेलखरनाथ धाम के प्रमुख सुशील सिंह का नाम नशीले पदार्थ मिथाइलीनडाई ऑक्सीमेथाफेटामिन यानी एमडी बेचने वाले गिरोह के सदस्यों से संलिप्तता मिली है। हरियाणा, दिल्ली, मुंबई व जनपद के अलावा अमेठी, जौनपुर में एमडी की सप्लाई करने वालों की काल डिटेल में प्रमुख से बातचीत होने के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं। बैंक खातों में भी लेनदेन की बात सामने आई है। आसपुर देवसरा के अकारीपुर के रहने वाले लवीशंकर मिश्रा को हरियाणा पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उससे पूछताछ के बाद हरियाणा पुलिस ने प्रमुख समेत 10 से अधिक लोगों को बयान देने के लिए तलब किया था। प्रमुख बयान देने नहीं गए। हरियाणा पुलिस भी बुधवार को आ गई। वह भी प्रमुख से नशे के कारोबारियों के सिलसिले में पूछताछ करने की तैयारी में है।