हाइवे पर तेज रफ्तार स्कार्पियो की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक ससुराल से अपने घर लौट रहा था। घटना की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शप को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के विजईमऊ निवासी मो. रफीक (27) पुत्र मो. शहीद सोमवार को प्रयागराज जिले के मऊआइमा गया था। गर्भवती पत्नी से मिलकर मंगलवार की सुबह बाइक से वह ससुराल से घर लौट रहा था। लालगंज कोतवाली के ढकवा गांव के समीप लखनऊ-वाराणसी हाइवे पर तेज रफ्तार स्कार्पियो की चपेट मेें आकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी पर पुलिस पहुंची और गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी सांसे थम गईं। घटना की जानकारी पर रोते-बिलखते परिजन लीलापुर चौकी पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को दुर्घअना की जानकारी दी। लीलापुर चौकी प्रभारी ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक की दो साल पहले शादी हुई थी। उसकी पत्नी को दो-तीन दिन में डिलीवरी होने वाली थी। वह पत्नी से मिलने गया था। चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज आरोपी चालक की गिरफ्तारी का प्रयास किया जाएगा।
कोरोना संक्रमित मिलने के बाद भी खुली हैं दुकानें, उमड़ी भीड़
कोरोना संक्रमण का मामला सामने आने के बाद भी दुकानें खुली रहीं। पुलिस की लापरवाही से संक्रमित महिला के घर के आसपास का एरिया सील नहीं होने आवागमन भी धड़ल्ले से जारी रहा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों की थर्मल स्क्रीनिंग हुई। संदिग्धों का सैंपल भी जांच के लिए भेजा गया।
लालगंज कोतवाली के धारूपुर जलेसरगंज में व्यवसायी की पत्नी कोरोना संक्रमति मिली है।
रविवार की देर रात रिपोर्ट आने के बाद उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार को महिला के संक्रमित होने की जानकारी संग्रामगढ़ सीएचसी पहुंची तो परिजनों को होम क्वारंटीन करा दिया गया। कोरोना का मामला सामने आने के बाद भी पुलिस प्रशासन लापरवाह बना हुआ है। दो दिन बीतने के बाद मंगलवार को धारूपुर जलेसरगंज बाजार सील नहीं किया जा सका। बाजार में दुकानें खुली रहीं और धड़ल्ले से आवागमन जारी रहा। संक्रमति महिला के घर के आसपास भी दुकानें खुलने से लोग खरीदारी के लिए आते रहे।
पीड़िता का घर बीच बाजार में होने के चलते आसपास संक्रमण का खतरा बना हुआ है। इसके बाद भी पुलिस प्रशासन संवेदनहीन बना हुआ है। बाजार सील नहीं किए जाने से आसपास के लोगों में खासा आक्रोश है। उधर संग्रामगढ़ सीएचसी की स्वास्थ्य टीम मंगलवार को सुबह बाजार पहुंची और ग्रामीणों की थर्मल स्क्रीनिंग के साथ संदिग्धों का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयागराज भेजा गया। डॉ. राजीव त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को 567 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई और 56 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया।
संक्रमित महिला के पति की दस दिन पहले हुई थी मौत
धारूपुर जलेसरगंज बाजार में जो महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है, उसके पति की दस दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पति की मौत के पांच दिन बाद ही महिला बुखार व खांसी से पीड़ित हो गई। बाद में उसकी जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आ गई।