पट्टी-रानीगंज मार्ग के पूरे बोधराम मैनहा गांव के करीब सोमवार को बाइक सवार नीलगाय से टकराने के बाद कार से भिड़ गया। कार और बाइक में जोरदार टक्कर होने से बाइक सवार असुढ़ी निवासी 27 वर्षीय विपिन पाल की मौके पर मौत हो गई।
पट्टी कोतवाली के असुढ़ी निवासी विपिन पाल सोमवार को बाइक से रानीगंज की ओर जा रहे थे। पट्टी-रानीगंज मार्ग पर पूरेबोधराम मैनहा पेट्रोल पंप के पास झाड़ियों से अचानक नीलगाय सड़क पर आ गई।
जब तक विपिन पाल बाइक पर काबू पाते, इसके पहले बाइक नीलगाय से टकराने के बाद करीब पहुंची कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही युवक की मौत हो गई। राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर उसे सीएचसी पट्टी भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।