स्थानीय थाना क्षेत्र के पंडित का पुरवा महराजपुर निवासी राजबाबू तिवारी (45) की शनिवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा रहा।
राजबाबू तिवारी शनिवार की रात करीब नौ बजे बाइक से छेवंगा चौराहे से घर जा रहे थे। धुनुरकीपुर नहर पुल के पास अचानक सड़क पर आए मवेशियों को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में राजबाबू गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी कुंडा पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर परिजन और ग्रामीण सीएचसी पहुंचे। थाना प्रभारी श्रवण कुमार ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की मां लक्ष्मी देवी, पत्नी कंचन तिवारी, बेटी पायल तिवारी, समीक्षा तिवारी और बेटे विद्यांश तिवारी का रो-रोकर बुरा हाल है।