लीलापुर थाना क्षेत्र के बेलखरियन का पुरवा के करीब मंगलवार की देर शाम अनियंत्रित बाइक बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में घायल चाय विक्रेता की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
लीलापुर थाना क्षेत्र के रामपुर भेडि़यानी निवासी मनीष गुप्ता (28) सगरासुंदरपुर बाजार में चाय समोसा की दुकान चलाता था। सोमवार की देर शाम अपने साथी गिरधर सहाय तिना निवासी उमेश वर्मा के साथ बाइक से चक्की पर गेंहू रखने जा रहा था। डेरवा-सगरा सुंदरपुर मार्ग पर बेलखरियन का पुरवा के करीब अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे विद्युत पोल से जा टकराई। हादसे में मनीष व उमेश गंभीर रूप से घायल हो गए। आननफानन दोनों को परिजन लालगंज ट्रामा सेंटर ले गए। मनीष की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। जिसके बाद परिजन शव लेकर घर लौट आए। मंगलवार को ऋंग्वेरपुर में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक की दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी।