प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर शनिवार की देर रात गजेहड़ा के करीब बेकाबू बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए।
नगर कोतवाली के पल्टन बाजार निवासी 20 वर्षीय समीर अपने अजीत नगर के साथी 19 वर्षीय जीशान व मोहल्ले के 18 वर्षीय सुमित के साथ शनिवार की सुबह बाइक से मोबाइल खरीदने प्रयागराज गए थे। वहां से देर रात तीनाें बाइक लेकर घर लौट रहे थे। देल्हूपुर थाना क्षेत्र के गजेहड़ा के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगाें की मदद से पुलिस ने सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां चिकित्सकों ने समीर को मृत घोषित कर दिया। उसके दोनों साथियों का उपचार चिकित्सक करते रहे। सूचना मिलने पर रोते बिलखते परिजन पहुंचे और शव लेकर घर चले गए। देल्हूपुर थानाध्यक्ष धनंजय राय ने बताया कि घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त बाइक मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।