वाहन को ओवरटेक करते समय आमने-सामने टकराई बाइक, महिला की मौत
- तीन का गंभीर स्थिति में चल रहा है इलाज
- पट्टी ढकवा मार्ग के भदवछ गांव के पास हुआ हादसा
पट्टी। पट्टी ढकवा मार्ग स्थित भदवछ गांव के निकट पट्टी से जा रही बोलेरो को ओवरटेक कर रहा बाइक सवार सामने से आ रही बाइक से टकरा गया। इसमें बाइक पर बैठी महिला सहित कुल चार लोग घायल हो गए। इलाज के लिए जब महिला को सीएचसी पट्टी लाया गया तो यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के भाटी कला गांव निवासी इसराजी पत्नी राम सुमेर (65) की तबीयत कुछ खराब थी। उसे दिखाने के लिए उसके दामाद अनिल निवासी लालगंज कुंधुवा बाइक से लेकर उसकी नातिन संजना (16) को साथ लेकर पट्टी आए हुए थे। सुबह लगभग 11 बजे जब अनिल बाइक लेकर वापस जा रहा था तो पट्टी ढकवा मार्ग के भदवछ गांव के निकट वह पट्टी से जा रही बोलेरो वाहन को ओवरटेक करने लगी। इसी दौरान सामने से आसपुर देवसरा क्षेत्र के बाभनपुर निवासी विवेक वर्मा (25) भी बाइक लेकर आ गया। दोनों बाइक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें सभी लोग छिटककर बाइक से दूर गिर गए। लोगों ने मौके पर पहुंच कर सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इसमें इसराजी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जबकि अनिल व मृतका की नातिन संजना को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार विवेक वर्मा का पैर टूट गया। उसे भी इलाज के लिए चिकित्सक के पास परिवार के लोग लेकर गए हैं।
............
ब्लैकमेल करके पांच बिस्वा जमीन का करा लिया बैनामा
पट्टी। आमी सराय सैफ खां गांव निवासी राजेश शर्मा ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि गांव के ही एक व्यक्ति के पास उसकी कुछ आपत्तिजनक फोटो थी। जिसे वायरल करने की धमकी देकर 25 लाख रुपये की कीमत की पांच बिस्वा जमीन का बैनामा महज आठ लाख रुपए में कर गया। जिसके बाद वह भाग निकला और तब से वह फरारी काट रहा है। पीड़ित ने एसपी प्रतापगढ़ को मामले की लिखित शिकायत देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संवाद
...........