रानीगंज के सुवंसा में बिना लाइसेंस के संचालित हो रहे हॉस्पिटल एंड ट्रामासेंटर को डिप्टी सीएमओ ने सील कर दिया। ग्रामीणों ने सीएमओ से शिकायत की थी कि बगैर लाइसेंस अस्पताल का संचालन हो रहा है। डिप्टी सीएमओ की टीम देख अस्पताल संचालक ताला बंद कर फरार हो गया।
सुंवसा बाजार में भरत हॉस्पिटल एंड ट्रामासेंटर का संचालन हो रहा है। पूर्व में मिली कई शिकायत के बाद सीएमओ ने जांच कराया था। जांच के बाद लाइसेंस निरस्त कर दिया। इसके बावजूद संचालक अस्पताल का संचालन कर रहा था। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत सीएमओ डॉ. जीएम शुक्ला से की।
सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ डॉ. एस हैदर, अपर शोध अधिकारी आरजी चौधरी को जांच के लिए भेज दिया। टीम भरत हॉस्पिटल एंड ट्रामासेंटर पर पहुंची तो मेन गेट पर ताला लटक रहा था। अपर शोध अधिकारी आरजी चौधरी ने बताया कि संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर भेजी जा रही है।