कचहरी परिसर स्थित सेंट्रल बार भवन में जूनियर बार एसोसिएशन चुनाव की मतगणना दूसरे दिन शुक्रवार को भी पूरी नहीं हो सकी। पहले दिन जहां पांच चरण की मतगणना हुई थी, वहीं दूसरे दिन छह चरण की मतगणना हुई। शनिवार को सात चरण की मतगणना होगी। इसके बाद नतीजे घोषित होंगे। मतगणना स्थल के बाहर उम्मीदवारों के समर्थक लाउडस्पीकर पर हो रही मतगणना को सुनकर वोट की गिनती करते रहे। कचहरी परिसर में अधिवक्ता विभिन्न पदों के उम्मीदवारों की जीत को लेकर अपनी-अपनी रायशुमारी करते नजर आए। 46 उम्मीदवारों की किस्मत को लेकर अभी भी तस्वीर साफ नहीं हो सकी है।
दो दिनों में हुई 11 चरण की मतगणना के बाद अध्यक्ष पद के उम्मीदवार भानु सिंह को 335 मत प्राप्त कर सबसे आगे हैं। वहीं करुणा शंकर मिश्रा 288 मतों के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। महामंत्री पद के उम्मीदवार विवेक त्रिपाठी 337 मत प्राप्त कर पहले व कौशलेश त्रिपाठी 288 मत के साथ दूसरे स्थान पर डटे हुए हैं। प्रशासन पद के उम्मीदवार दीपक मिश्रा दीपू 601 मत प्राप्त कर पहले व दूसरे स्थान पर अभिनव सिंह 369 वोट के साथ बने हुए हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर पुष्पराज सिंह 447 मत के साथ पहले व नफीस अहमद 206 मतों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। मतगणना के दौरान एल्डर कमेटी व न्यासी मंडल के सदस्य मौजूद रहे।
जूनियर बार एसोसिएशन की एल्डर कमेटी अध्यक्ष देव नारायण शुक्ल ने बताया कि शनिवार को सेंट्रल बार भवन में सुबह 8:30 बजे से मतगणना शुरू होगी। सात चरणों की मतगणना होनी बाकि है। शाम तक चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। शुक्रवार को छह चरणों की मतगणना हुई। अब तक 1120 मतों की गणना हो चुकी है। 679 मतों की गिनती होनी बाकी है।