एमडीपीजी बनाया गया सबसे बड़ा केंद्र, राज्य विवि ने 14 ऑब्जर्वर व दो नोडल अधिकारी तैनात किए
प्रतापगढ़। लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा 9 अगस्त को जिले के सात केंद्रों पर बीएड प्रवेश परीक्षा होगी। जिले में दो पालियों में होने वाली परीक्षा की जिम्मेदारी राज्य विश्वविद्यालय को दी गई है। सुबह 9 से 12 और शाम को 2 से 5 बजे तक दो पालियों में परीक्षा होगी।
जिलाधिकारी द्वारा नामित एसडीएम सदर मोहनलाल गुप्ता की उपस्थिति में शुक्रवार को परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। बैठक में राज्य विश्वविद्यालय द्वारा बनाए गए सभी केंद्राध्यक्ष, ऑब्जर्वर व नोडल अधिकारी मौजूद रहे। प्रत्येक केंद्रों पर दो ऑब्जर्वर तैनात किए जाएंगे। नोडल अधिकारी सांगीपुर राजकीय महाविद्यालय के चंद्रप्रकाश सिंह व अतिरिक्त नोडल अधिकारी ढिंढुई राजकीय महाविद्यालय के दिनेश सिंह को बनाया गया है। जिले का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र एमडीपीजी है। जहां पर दो केंद्र ए ब्लॉक व बी ब्लॉक में 1000 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जबकि अन्य केंद्रों पर 300-300 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस तरह कुल 2500 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
एमडीपीजी में शुक्रवार को बैठक के दौरान एसडीएम ने सभी केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक, मुख्य कक्ष निरीक्षक एवं कक्ष निरीक्षकों के साथ 9 अगस्त को प्रात: 6:30 बजे बैठक बुलाकर सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश के साथ परीक्षा नियमों की जानकारी देने को कहा। सभी कक्ष निरीक्षकों को सुबह 6:15 बजे परिसर में उपस्थित होना अनिवार्य है। केंद्र की सभी कक्षाओं एवं फर्नीचर आदि को परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्ष द्वारा पूर्णतया सैनिटाइज कराया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों के गेट पर ही छात्रों को सैनिटाइज करने के साथ ही थर्मल स्क्रीनिंग की भी व्यवस्था होगी।
बताया गया कि परीक्षार्थियों को अपने मूल प्रवेश पत्र के साथ एक फोटो पहचान युक्त परिचय पत्र तथा प्रवेश पत्र की छाया प्रति एवं एक फोटो साथ में लाना अनिवार्य है। इसके अलावा सभी परीक्षार्थी अनिवार्य रूप से मॉस्क पहनकर आएंगे। अपने साथ सैनिटाइजर भी ले आएंगे और उसका समय-समय पर उपयोग करते रहेंगे। बिना मास्क के आने वाले परीक्षार्थियों को लौटा दिया जाएगा। बैठक में डीआईओएस, डॉ. विनोद शुक्ला, डॉ. बृजभानु सिंह, डॉ.सीएन पांडेय आदि मौजूद रहे।
आज आएगी लखनऊ की टीम
शनिवार को लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम प्रतापगढ़ आएगी। ट्रेजरी में गोपनीय कागजात को जमा करने के साथ परीक्षा केंद्रों की जानकारी लेगी।
नहीं मिलेगी बुकलेट
इस बार परीक्षा के बाद बुकलेट केंद्र पर ही जमा की जाएगी। परीक्षार्थी अपने साथ बुकलेट नहीं ले जा सकेंगे। वहीं इस बार परीक्षा में माइनस मार्किंग भी रहेगी। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक तिहाई अंक काट लिए जाएंगे। जबकि सही उत्तर पर दो अंक प्राप्त होंगे।