चेहरे की प्राकृतिक सुंदरता पर सौंदर्य प्रसाधनों से मसाज कराना युवतियों व महिलाओं को भारी पड़ रहा है। केमिकल युक्त पदार्थों के प्रयोग से कइयों के चेहरे की रंगत बिगड़ गई है। चेहरे पर झांई, चकत्ता, खुजलाहट जैसी शिकायतें ज्यादा बढ़ी हैं।
नकली सौंदर्य प्रसाधनों से बाजार पट चुका है। इससे रिएक्शन का खतरा बढ़ गया है। इससे पार्लर जाने वाली युवतियों व महिलाओं के चेहरे का नूर बढ़ने के बजाय घट रहा है।
मसाज के बाद दाने निकलना, झांईं व गाढ़ा लाल रंग का चकत्ता पड़ने, चमड़ा छोड़ने और खुजलाहट के साथ पपड़ी जमने जैसी समस्याएं इन दिनों तेजी से बढ़ी हैं। ब्यूटी पार्लर के नाम पर अच्छी खासी रकम वसूलने वाली कुछ महिलाएं शौकीनों का चेहरा बिगाड़ दे रही हैं। इस समस्या से ग्रसित युवतियां व महिलाएं इलाज के लिए स्किन रोग विशेषज्ञों की शरण में हैं। दुकानदारों की जांच पड़ताल न होने से वे नकली सामग्रियों को बेचने से तनिक भी परहेज नहीं कर रहे हैं। सदर एसडीएम जेपी मिश्र से शिकायत कर पट्टी के सुरजीत मोदनवाल, उग्रसेन कनौजिया व दहिलामऊ के अनूप ने नकली सामग्रियों के विक्रेताओं की जांच व कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान समाप्त होने के बाद कास्टमेटिक व मेडिकल स्टोरों की जांच का ही अभियान चलाया जाएगा।
इलाहाबाद मम्फोर्डगंज की सुमन देवी स्वास्थ्य विभाग में संविदा कर्मचारी हैं। चौक स्थित एक ब्यूटी पार्लर में उन्होंने पांच दिन पूर्व मेकअप कराया था। पहले दिन चेहरे पर खुजलाहट महसूस हुई। बाद में झांई की शिकायत आ गई। अब वह इलाहाबाद में स्किन रोग विशेषज्ञ डॉ. स्मिता सेन से इलाज करा रही हैं।
पट्टी की सुबीता एमडीपीजी कॉलेज में एमए की छात्रा है। पांच जनवरी को उसे देखने लड़के वालों को आना था। ऐसे में उस रोज सुबह परिजनों ने शहर आकर बाबागंज स्थित एक चर्चित ब्यूटी पार्लर में मेकअप कराया। तीसरे दिन उसके चेहरे पर कई जगह दाने निकल आए। वह जिला अस्पताल के डॉ. आशुतोष से इलाज करा रही है।
शहर के दहिलामऊ की प्रीती यादव व उसकी भाभी रिया यादव ने पास में संचालित ब्यूटी पार्लर में आईब्रो सेट कराने के साथ चेहरे का मसाज कराया था। मसाज के दो दिन बाद भाभी के चहरे का स्किन छोड़ने लगा और प्रीती के चेहरे पर धब्बे पड़ गए। अब वे भी डॉ. कामायनी उपाध्याय से इलाज करा रही हैं।