रास्ते के विवाद को लेकर मारपीट
चकरोड काटने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
कंधई पुलिस ने मचाया जमकर उत्पात, आक्रोश
रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। जिसे लेकर इलाके में तनाव फैल गया। कंधई पुलिस ने आरोपियों के घर पर जमकर उत्पात मचाया। जिसे लेकर लोगों में पुलिस के रवैये पर आक्रोश है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले रखा है, जबकि घर की महिलाएं ताला बंद कर भागी हुई हैं।
कंधई थाना क्षेत्र के सरसीखाम में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि बुधवार की रात संदीप वर्मा को दीवानगंज-मंगरौरा मार्ग पर कुछ लोगों ने मारपीट कर अधमरा कर दिया। हमलावरों ने संदीप के घर फोन कर बताया कि उसे अपने साथ ले जाएं। घटना की जानकारी पर उसका छोटा भाई मौके पर पहुंचा। हमलावरों ने उसे भी पीट दिया। शोरशराबा सुनकर गांव के लोग दौड़े तो हमलावर भाग निकले। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हमलावरों के घर पर धावा बोल दिया। सूचना मिलने पर कंधई, देवसरा व पट्टी थाने की फोर्स पहुंच गई। लोगों को किसी तरह शांत कराया गया। पुलिस ने हमलावरों की ओर से चार लोगों को हिरासत में ले लिया। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। गांव के अब्दुल रब का आरोप है कि बरसात में चकरोड काटकर पानी की निकासी की गई थी। रास्ता सही करने के लिए भारत वर्मा के बेटे से कहा था। दोनों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। अब्दुल रब का आरोप है कि कंधई पुलिस एकपक्षीय कार्रवाई कर रही है। गुरुवार को घर में जमकर तोडफ़ोड़ की। बाइक, कुर्सी समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी को लोगों ने शिकायती पत्र भी दिया, लेकिन उनका कोई सुन नहीं रहा है। पुलिस ने जिन लोगों को हिरासत में लिया है वे लोग भी घायल हैं। थानाध्यक्ष कंधई ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। चूंकि मामला दो वर्गों के बीच का है। इसलिए पुलिस सतर्कता बरत रही है।