राशन वितरण में अनियमितता को लेकर बुधवार की दोपहर ग्रामीणों ने मंगरौरा बीडीओ का घेराव किया। ब्लाक परिसर में नारेबाजी कर रहे ग्रामीणों ने कोटेदार पर गंभीर आरोप लगाए। प्रभारी बीडीओ एडीओ आईएसबी चंद्र प्रकाश विश्वकर्मा ने आपूर्ति विभाग के अधिकारियाें से फोन पर बात किया और जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण वापस लौट गए।
ब्लाक परिसर में प्रदर्शन कर रहे पूरेमनिकंठ गांव का मजरा गौरी पट्टी निवासी श्याम लाल ने बताया जब से उसका कार्ड बना है केवल मिट्टी का तेल मिला है। कोटे से उसे अनाज कभी नहीं दिया गया। आरोप लगाया कि कोटेदार तेल के साथ राशनकार्ड पर जबरिया खाद्यान्न चढ़ा देता है। संजू देवी ने कहा कि उसके पास लाल कार्ड है। इस कार्ड पर उसे 35 किलो अनाज मिलना चाहिए मगर कोटेदार हमेशा खाद्यान्न कम देता है और पूरे रुपये लेता है।
इसी तरह ग्राम पंचायत सदस्य रामखेलावन सरोज ने आरोप लगाया कि त्योहारों पर अतिरिक्त मिलने वाली चीनी वह लोगों को नहीं देता। महेन्द्र पांडेय, हरिकेश मिश्र, सीता देवी, सुमित्रा देवी, जगपत्ती, आशा, भुल्लर यादव, विकास पांडेय, मोती मिश्र, छबीला आदि ने भी कोटेदार पर गंभीर आरोप लगाया है। घेराव के साथ प्रदर्शन कर रहे इन ग्रामीणों ने कोटे की दुकान को रिस्त करते हुए जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की। आपूर्ति इंस्पेक्टर रुचि ने कहा कि कोटेदार के खिलाफ शिकायत मिली है। वह इस मामले की जांच कर रिपोर्ट जिला आपूर्ति अधिकारी को देंगी।