प्रतापगढ़। तीन दिन के अवकाश के बाद मंगलवार को बैंक शाखाओं में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रुपये निकालने वाले पहले बैंकों के बाहर लाइन में खडे रहे तो जमा करने वालों को बुला-बुलाकर रुपये जमा कराए जा रहे थे। बैंक में भीड़ को रोकने के लिए सुरक्षा गार्डों ने बाहर धूप में ही ग्राहकों को खड़ा करा रखा था।
शनिवार, रविवार और सोमवार की बंदी के बाद मंगलवार को जब बैंक शाखाएं खुलीं तो ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में आए ग्राहक बैंक कर्मियों के पहुंचने के पहले ही लाइन में खडे़ हो गए थे। बैंक में एक साथ पांच लोगों से अधिक घुसने पर रोक होने से अधिकांश ग्राहकों को बाहर खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। शहर के पंजाब नेशनल बैंक और इलाहाबाद बैंक में ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिली। हालांकि धूप चढ़ने के साथ ही बैकों में भीड़ कम होती गई। मगर जमा करने के वालों की अपेक्षा मंगलवार को रुपये निकालने वालों की संख्या अधिक रही। बीओबी, एसबीआई और ग्रामीण बैंक की मुख्य शाखाएं हॉटस्पॉट में बंद होने के कारण सहयोगी शाखाओं में भीड़ अधिक उमड़ रही है।